उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर को केंद्रीय स्तर से मंजूरी: प्राचार्य डॉ आरबी कमल

WhatsApp Channel Join Now
उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर को केंद्रीय स्तर से मंजूरी: प्राचार्य डॉ आरबी कमल


उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर को केंद्रीय स्तर से मंजूरी: प्राचार्य डॉ आरबी कमल


जौनपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में स्थित उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, सिद्दीकपुर में ब्लड सेंटर के संचालन को केंद्रीय स्तर से स्वीकृति मिल गई है। इससे मेडिकल कॉलेज में रक्त के संग्रह, प्रसंस्करण और सुरक्षित भंडारण के साथ ही रक्त के विभिन्न अवयवों की उपलब्धता का रास्ता साफ हो गया है। ब्लड सेंटर शुरू होने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने में काफी सहूलियत होगी।

जनपद के जिला अस्पताल में पहले से रक्त की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन कई बार मांग के अनुरूप रक्त अथवा आवश्यक रक्त अवयव उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में उन्हें निजी केंद्रों से रक्त की व्यवस्था करनी पड़ती थी या वाराणसी सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था।

मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर की सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों, दुर्घटना में घायलों, प्रसूताओं और ऑपरेशन वाले मरीजों को तत्काल रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत होगी। जरूरत के अनुसार प्लेटलेट्स और प्लाज्मा जैसे रक्त अवयव भी उपलब्ध कराने की दिशा में सुविधा विकसित की जाएगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के अधीन केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के ब्लड सेंटर प्रभाग की ओर से मेडिकल कॉलेज को संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत निर्धारित मानकों के अनुसार रक्त एवं उसके अवयवों का संग्रह, प्रसंस्करण और सुरक्षित भंडारण किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार ब्लड सेंटर के लिए आवश्यक मशीनें भी तैयार हैं।

इस संबंध में सोमवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को ब्लड सेंटर के लिए मान्यता प्राप्त हो चुकी है और सभी आवश्यक मशीनें तैयार हैं। अब यहां मरीजों को ब्लड सेंटर के माध्यम से रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे ऑपरेशन कराने वाले और अन्य भर्ती मरीजों को जरूरत के समय मेडिकल कॉलेज में ही रक्त मिल सकेगा और उन्हें रक्त की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर की सुविधा उपलब्ध होने से जिला अस्पताल पर रक्त की मांग का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। साथ ही मरीजों को निजी संस्थानों में अधिक खर्च करने अथवा दूसरे शहरों में जाकर रक्त की व्यवस्था करने की परेशानी से राहत मिलेगी।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story