केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी को प्रदेश में ‘सर्वश्रेष्ठ’ का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी को प्रदेश में ‘सर्वश्रेष्ठ’ का सम्मान


कृषि शिक्षा व नवाचार में उत्कृष्ट योगदान पर मिला प्रदेश स्तर का पुरस्कार

झांसी, 08 अप्रैल (हि.स.)। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय ने कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘सर्वश्रेष्ठ कृषि विश्वविद्यालय’ का प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया है। यह पुरस्कार लखनऊ में आयोजित छठी उत्तर प्रदेश कृषि विज्ञान कांग्रेस- 2026 में प्रदान किया गया।

समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुलपति अशोक कुमार सिंह को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विश्वविद्यालय को किसान-केंद्रित नवाचार और सतत कृषि विकास का अग्रदूत बताया। संस्थान कृषि, उद्यानिकी, वानिकी, मत्स्य एवं पशु विज्ञान जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। साथ ही जलवायु-सहिष्णु खेती, संसाधन संरक्षण और एआई आधारित शोध कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय किसानों को उन्नत बीज व रोपण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, बकरी पालन व मत्स्य पालन जैसी आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों व खेत प्रदर्शन के माध्यम से किसानों का सतत् क्षमता विकास भी किया जा रहा है।

कुलपति डॉ. एके सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय समावेशी और टिकाऊ कृषि विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story