जनगणना 2027 में बढ़-चढ़कर करें स्वगणना, सही आंकड़े विकास की आधारशिला : जिलाधिकारी
औरैया, 11 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनपदवासियों से भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना पोर्टल के माध्यम से अपने मकानों एवं परिवार का विवरण स्वयं भरने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है, इसलिए सभी नागरिक अपने मकानों का सही एवं सटीक विवरण अवश्य दर्ज करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है। इसके लिए आमजन आधिकारिक पोर्टल स्वगणना पोर्टल पर जाकर स्वयं अपने मकान और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि किसी भी जनगणना कर्मी को मकान गणना संबंधी विवरण के अतिरिक्त ओटीपी अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का कार्य होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टल पर मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी सत्यापन के बाद राज्य, जिला एवं स्थानीय विवरण भरना होगा। इसके बाद डिजिटल मानचित्र पर अपने मकान को चिन्हित करते हुए आवश्यक जानकारी अपलोड करनी होगी। सभी विवरण भरने के बाद पोर्टल से एक एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब यही एसई आईडी दिखाकर भरी गई जानकारी का सत्यापन कराया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

