किसान दिवस में सीडीओ सख्त, अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। , उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत की जाए। बैठक में मंडी सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग, लघु सिंचाई तथा सहकारिता विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। इन ग्रुपों के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की जानकारी किसानों तक आसानी से पहुंचाई जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कहीं निराश्रित (आवारा) पशु दिखाई दें तो उसकी गूगल लोकेशन और फोटो संबंधित ग्रुप पर साझा करें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उप कृषि निदेशक ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बैरौना स्थित मौर्या खाद एवं बीज भंडार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने और उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को खाद नहीं देने की शिकायत पर एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर सीडीओ ने अपर जिला कृषि अधिकारी अंबरीश मिश्रा से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
मझवलिया समिति में खाद एवं बीज गोदाम के स्थान पर गिट्टी, सीमेंट और बालू रखे जाने की शिकायत पर कार्रवाई न होने के कारण सहायक निबंधक सहकारी समितियां, देवरिया का 15 जुलाई का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गलाघोंटू रोग से बचाव के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 2.17 लाख पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। हालांकि किसानों ने कई क्षेत्रों में टीकाकरण न होने की शिकायत की। पशु बीमा योजना के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि लगभग 15 दिनों के भीतर योजना शुरू कर दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता (नहर) ने बताया कि वर्तमान में ऊपरी स्तर से पानी बंद होने के कारण नहरों में पानी नहीं है, लेकिन एक-दो दिनों में पानी छोड़े जाने की संभावना है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी, प्रगतिशील किसान तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

