मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 10 हजार युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 10 हजार युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर


मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 10 हजार युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर


देवरिया, 09 जुलाई (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैंकर्स की समीक्षा बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न वित्तपोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने बैंक अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर अधिक से अधिक स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जाएं, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें।

बैठक के दौरान सीडीओ ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 10 हजार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगर पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर एक ब्यूटी पार्लर, एक सिलाई सेंटर और एक ई-रिक्शा स्थापित कराने की दिशा में बैंकर्स सक्रिय भूमिका निभाएं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा।

उन्होंने प्रत्येक नगर पंचायत में एक फोटो स्टूडियो स्थापित कराने का भी लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-रिक्शा संचालन के इच्छुक युवाओं से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एन. प्रसाद, उपनिदेशक कृषि सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, उपायुक्त उद्योग एस. सिद्दकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी बैंकर्स उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story