डिजिटल बैंकिंग में सावधानी जरूरी : संदीप कुमार

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल बैंकिंग में सावधानी जरूरी : संदीप कुमार


कानपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। वित्तीय सेवाओं का लाभ उठाने के साथ डिजिटल लेनदेन में सतर्कता बरतना भी आवश्यक है। साइबर ठगी से बचने के लिए ग्राहकों को बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। यह बातें खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार ने मंगलवार को कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से आयोजित वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम में कहीं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने लोगों को वित्तीय समावेशन और बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी पंकज सहाय भी मौजूद रहे। आयोजन का संयोजन बैंक के वित्तीय समावेशन प्रबंधक राहुल कुरील ने किया। एलडीएम आदित्य चंद्रा, चौबेपुर की सीएफएल टीम समेत बैंक के अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में लोगों को बताया गया। बैंक अधिकारियों ने बचत, बैंकिंग सुविधाओं के उपयोग और उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने के तरीकों की जानकारी दी। लोगों की बैंकिंग संबंधी समस्याओं और सवालों का भी समाधान किया गया।

कार्यक्रम में साइबर धोखाधड़ी से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि एटीएम पिन, ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड और यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और फर्जी कॉल, एसएमएस या सोशल मीडिया संदेशों के जरिए मांगी जाने वाली बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई।

बैंक अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग के विस्तार के साथ ग्राहकों को सुरक्षित लेनदेन के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से लोगों तक बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story