25 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
25 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार


देवरिया, 12 जुलाई (हि.स.)। गो-तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को भाटपाररानी पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी सोनूघाट चौराहे के पास से की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रिंकू (30) पुत्र महेश, निवासी खेरा खास, थाना बनियाठेर, जनपद संभल के रूप में हुई है। वह थाना भाटपाररानी में वर्ष 2024 में दर्ज गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के मुकदमे में वांछित था।

विवेचना के दौरान उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था, लेकिन लगातार फरार रहने पर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार, इसी मामले में घटना के समय चार अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर एक पिकअप वाहन से पांच गोवंशीय पशु बरामद किए गए थे। जबकि रिंकू फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार राय के नेतृत्व में भाटपाररानी पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story