नगर निगम विभाग के कैटल कैचर टीम पर पथराव, तीन कर्मचारी समेत दारोगा घायल

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थानाक्षेत्र में रविवार को नगर निगम विभाग के कैटल कैचर टीम पर पथराव कर दिया गया। बीच-बचाव को पहुंचे पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। इसमें नगर निगम के कर्मचारियों साथ बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल घायल हो गये। पुलिस ने चौकी प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार ने तहरीर दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम से जुड़े कैटल दस्ता को सूचना मिली कि जनता बिहार, आदर्श बिहार और गड़ियाना क्षेत्र में अवैध पशु पालने की शिकायतें मिल रही थी। इस सूचना पर रविवार को टीम पशुओं को पकड़ने के लिए पहुंची तो पशु पालकों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। इस पर लोग नाराज हो गये और पथराव शुरू कर दिए। इसमें नगर निगम के तीन कर्मचारी और चौकी प्रभारी घायल हो गये। सूचना पाकर थाना प्रभारी सुरेश सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अभिनव और टीम मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पशु विभाग की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में कई लाेगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story