कानपुर के 3405 रसोइयों को मिलेगा पांच लाख तक का कैशलेस इलाज और दाे लाख का बीमा : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर के 3405 रसोइयों को मिलेगा पांच लाख तक का कैशलेस इलाज और दाे लाख का बीमा : सांसद


कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। रसोइयों को अब पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और दो लाख रुपये का सामाजिक सुरक्षा बीमा मिलेगा, जबकि उनका मानदेय दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये और वस्त्र भत्ता 500 से बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दिया गया है। यह बातें रविवार को मर्चेंट्स चैंबर, सिविल लाइंस में आयोजित रसोइया कैशलेस चिकित्सा योजना शुभारंभ एवं रसोइया सम्मान समारोह में सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक अरुण पाठक और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने 10-10 रसोइयों को प्रतीकात्मक कार्ड और चेक वितरित किए।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा बीमा से जोड़ने के साथ उनके मानदेय और वस्त्र भत्ते में वृद्धि की है। विधायक अरुण पाठक ने रसोइयों को बच्चों के लिए स्वच्छता के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि रसोइयों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और दो लाख रुपये का सामाजिक सुरक्षा बीमा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। मानदेय में एक हजार और वस्त्र भत्ते में 500 रुपये की बढ़ोतरी भी की गई है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन के निर्देशन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह ने कार्यक्रम का आयोजन कराया। योजना से जनपद के 3405 रसोइयों को लाभ मिलेगा।

घाटमपुर के कंपोजिट स्कूल डिबरी की गणेश शंकर, बिल्हौर के प्राथमिक विद्यालय मोहीउद्दीनपुर-2 की रेणु, सरसौल के प्राथमिक विद्यालय मोहनखेड़ा के राजेश कुमार, कल्याणपुर के प्राथमिक विद्यालय दूल की मंजू, बिधनू के प्राथमिक विद्यालय बाजपुर की सुनीता, पतारा के प्राथमिक विद्यालय धौकलपुर की सिरोह, भीतरगांव के प्राथमिक विद्यालय झंडापुर की विमला, चौबेपुर के प्राथमिक विद्यालय भाऊवापुर की फूलमती, शिवराजपुर के जूनियर विद्यालय सकरवा की जयदेवी और ककवन के प्राथमिक विद्यालय उत्तमपुर की सीमा देवी को कार्ड वितरित किए गए।

बिल्हौर, घाटमपुर, नरवल और कल्याणपुर में आयोजित समानांतर कार्यक्रमों में विधायक राहुल बच्चा सोनकर, विधायक सरोज कुरील, ब्लॉक प्रमुख विजय रत्ना तोमर और ब्लॉक प्रमुख अनुराधा अवस्थी ने रसोइयों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक पीएम पोषण सौरभ पांडेय, प्रबोध प्रताप सिंह, अनिरुद्ध सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी यास्मीन रहमान, विकास तिवारी और अलका गुप्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story