पांच लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से लाभान्वित होंगे शिक्षक : नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी’’
प्रतापगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रति विद्यार्थी 1,200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। साथ ही शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू निष्पादित किया गया तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रतापगढ़ स्थित श्री हरि पैलेस में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी’’ मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी’’ एवं जनप्रतिनिधियों ने बेसिक शिक्षा विभाग के 11 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 5 शिक्षकों सहित कुल 16 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए। इसके अतिरिक्त स्वच्छ एवं हरित विद्यालय योजना के अंतर्गत चयनित 11 विद्यालयों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं पुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान नन्दी’ ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक ही राष्ट्र के भावी नागरिकों का निर्माण करते हैं, इसलिए प्रदेश सरकार उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को 05 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कंधों पर राष्ट्र के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, संस्कारयुक्त शिक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी तथा उन्हें आर्थिक चिंता से मुक्त होकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी।
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, पार्टी पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं उपस्थित प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

