पीएम पोषण रसोइयों को सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री, देंगे कैशलेस चिकित्सा कार्ड

WhatsApp Channel Join Now
पीएम पोषण रसोइयों को सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री, देंगे कैशलेस चिकित्सा कार्ड


लखनऊ, 22 अगस्त (हि.स.)। पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के योगदान को ध्यान में रखते हुए 23 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ के जुपिटर सभागार में सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 1500 रसोइयों की सहभागिता होगी। खास बात यह है कि इसी दिन जनपद एवं तहसील स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेशभर में रसोइयों के सम्मान का संदेश एक साथ पहुंचेगा।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के निर्देशों के अंतर्गत संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने और आपसी समन्वय से आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। यह पहल पीएम पोषण योजना को जमीन पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने वाले रसोइयों के योगदान को सार्वजनिक पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि पीएम पोषण रसोइए बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। मुख्यमंत्री के हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। योगी सरकार उनके सम्मान, सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

सम्मान के केंद्र में होंगे पीएम पोषण के रसोइए

कार्यक्रम में प्रदेश के राजकीय, परिषदीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले इन रसोइयों को सम्मान देने के लिए राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक व्यापक तैयारियां की गई हैं।

23 अगस्त को ही जनपद और तहसील स्तर पर भी आयोजन

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ 23 अगस्त को ही जनपद एवं तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को उपलब्ध सभागारों का उपयोग करते हुए कार्यक्रम आयोजित करने तथा रसोइयों के सम्मान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री के हाथों 11 रसोइयों का सम्मान

राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 1500 रसोइयों को कार्यक्रम में सहभागी बनाया जाएगा। उनके आवागमन, आमंत्रण, स्वागत, जलपान एवं भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story