औद्यानिक उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर उत्तर प्रदेश : मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

WhatsApp Channel Join Now
औद्यानिक उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर उत्तर प्रदेश : मंत्री दिनेश प्रताप सिंह


लखनऊ, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की मसाला अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से शनिवार को उद्यान भवन, लखनऊ में छठे उत्तर प्रदेश स्पाइस कान्फ्रेन्स एवं एक्सपो-2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, नीति निर्माताओं, वैज्ञानिकों, मसाला व्यापारियों, निर्यातकों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा उद्योग विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट द्वारा किया गया, जबकि 3EA ग्लोबल नॉलेज पार्टनर के रूप में सहभागी रहा।

उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश औद्यानिक उत्पादन के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान पर है, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मसाले भारतीय व्यंजनों में स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने मसाला क्षेत्र में गुणवत्ता, शुद्धता, मूल्य संवर्धन और निर्यात क्षमता को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय उत्पादों के माध्यम से ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रदेश के मसालों की मजबूत पहचान बनाई जा सकती है।

उन्होंने किसानों से कृषि विविधीकरण अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मसालों की खेती कम क्षेत्रफल में भी अधिक मूल्य उपलब्ध करा सकती है। उन्होंने बताया कि मसाला क्षेत्र में प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर उद्यमियों को अनुदान दिया जा रहा है।

उद्यान मंत्री ने मसाला उद्योग से जुड़े उद्यमियों से किसानों के साथ सीधे जुड़कर उत्पादन कराने की अपील की, ताकि प्रदेश में मसाला उद्योग के लिए कच्चे माल की आत्मनिर्भरता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि लखनऊ में नवनिर्मित आधुनिक एग्री मॉल में प्रमाणित एवं शुद्ध उत्पाद उपलब्ध कराने हेतु जैविक उत्पादों और मसालों के विपणन के लिए विशेष स्थान आरक्षित किया जाएगा।

सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में अडानी स्पाइसेस, राकेश मसाला, एमडीएच, गोल्डी स्पाइसेस, CSIR-CIMAP और BBAU सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

उद्घाटन सत्र में निदेशक उद्यान भानु प्रकाश राम, संयुक्त निदेशक डॉ. सर्वेश कुमार, संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव कुमार वर्मा तथा स्पाइसेस बोर्ड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story