अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार, दाे की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार, दाे की मौत


उरई, 17 जून (हि.स.)। उरई कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर अजनारी फ्लाई ओवर के पास बुधवार को सुबह साढ़े 10 बजे झांसी की ओर से आ रही एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बलेनो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया है और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार बलेनो कार में एक महिला सहित कुल 06 लोग सवार थे। यह सभी गुजरात के दादर नगर हवेली में रहते थे और वहीं से बलेनो में सवार होकर अपने ग्रह जनपद आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के लिए निकले थे। सीओ सिटी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को सुबह करीब 10:30 बजे जब इनकी कार उरई कोतवाली अंतर्गत मंडी चौकी क्षेत्र के कानपुर-झांसी हाइवे पर अजनारी फ्लाई ओवर के पास से गुजर रही थी, तभी इनकी बलेनो कार नम्बर डीडी 01 ए 7805 किसी तरह अनियन्त्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। जिससे उसमें बैठे अखिलेश पुत्र रामचंद्र विश्वकर्मा व ब्रजराज पुत्र कन्हैया यादव निवासी आजमगढ हाल निवासी दादर नगर हवेली गुजरात की मौके पर मौत हो गयी, जबकि अभय, अनुराग तथा जीरा और अखिलेश सभी निवासी पता उपरोक्त गम्भीर रुप से घायल हो गये है।

सीओ सिटी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर मंडी चौकी इंचार्ज अमित चतुर्वेदी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए शीघ्रता से राजकीय मेडिकल कालेज उरई भिजवाया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में सभी घायलों का उपचार चल रहा है। मंडी चौकी इंचार्ज अमित चतुर्वेदी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है और उनके यहां पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के आते ही पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

Share this story