कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीद कैप्टन मनोज पाण्डेय किया गया याद

WhatsApp Channel Join Now
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीद कैप्टन मनोज पाण्डेय किया गया याद


लखनऊ, 24 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ (26 जुलाई) के अवसर पर शुक्रवार काे नवयुग कन्या महाविद्यालय राजेंद्र नगर लखनऊ की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी की कैडेट्स ने एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी के नेतृत्व में परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय के आवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर कैडेट्स ने कैप्टन मनोज कुमार पांडे के भाई मनमोहन पांडे एवं भाभी अनुराधा पांडे से भेंट कर उन्हें पौध एवं हस्तनिर्मित पुष्पगुच्छ भेंट किया, उनके जीवन से जुड़े प्रेरणादायी संस्मरण सुने कि 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान कैप्टन मनोज कुमार पांडे ने जम्मू-कश्मीर के बटालिक सेक्टर में दुश्मन की कई सुदृढ़ चौकियों पर कब्ज़ा करने के अभियान का नेतृत्व किया। 2/3 जुलाई 1999 की रात खालूबार क्षेत्र में उन्होंने अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन की कई चौकियों को ध्वस्त किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपने साथियों का नेतृत्व जारी रखा और अंतिम क्षण तक लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। ऐसे वीर बलिदानी का जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कैडेटों के लिए परमवीर चक्र को साक्षात् देखना अविस्मरणीय पल रहा, उन्होंने उनके आवास पर लगी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।

19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक तथा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story