भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में ब्राह्मण समाज ने निकाला कैंडल मार्च, न्यायिक जांच की उठी मांग

WhatsApp Channel Join Now
भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में ब्राह्मण समाज ने निकाला कैंडल मार्च, न्यायिक जांच की उठी मांग


बहराइच, 23 जून (हि.स.)। बिहार में हुए भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के विरोध में मंगलवार शाम बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज कस्बे में ब्राह्मण समाज के लोगों ने विशाल कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठाई।

कैंडल मार्च विशेश्वरगंज बस स्टॉप चौराहे से प्रारंभ होकर ब्लॉक विशेश्वरगंज के मुख्य गेट तक निकाला गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “भरत तिवारी को न्याय दो”, “बिहार पुलिस मुर्दाबाद”, “बिहार प्रशासन मुर्दाबाद” और “बिहार सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र शुक्ला ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निर्दोष युवक की मृत्यु के मामले में अब तक न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय अथवा सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की निगरानी में कराई जाए ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई जानी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

कैंडल मार्च में विशेश्वरगंज क्षेत्र सहित आसपास के गांवों और कस्बों से आए सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। वक्ताओं ने कहा कि समाज न्याय और पारदर्शिता की मांग को लेकर एकजुट है तथा यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई और प्रशासन से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की। बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप तिवारी, विमल मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, राहुल तिवारी, अविनाश मिश्रा,राहुल शुक्ला, महेश तिवारी, अंकित तिवारी, गागरेन पांडेय, संतोष तिवारी, सूरज मिश्रा, विवेक शुक्ला, राहुल सिंह सहित ब्राह्मण सभा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा समाज की एकता एवं संगठन की मजबूती पर बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Share this story