महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान के चौथे तल से कैंसर मरीज ने लगाई छलांग, मौत

WhatsApp Channel Join Now


—एक महीना से संस्थान में था भर्ती, बीते शनिवार को हुआ था ऑपरेशन

वाराणसी, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा सामने आया। संस्थान में भर्ती एक 35 वर्षीय कैंसर पीड़ित मरीज ने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक रोगी की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले (थाना पारू, ग्राम मोहजम्मा) निवासी रामेश्वर कुमार (35) पुत्र नंदकिशोर के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें करीब एक माह पूर्व महामना कैंसर संस्थान में भर्ती कराया था। बीते शनिवार को ही चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया था।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात रामेश्वर अपने बेड से उठकर चौथी मंजिल पर स्थित वार्ड नंबर चार में पहुंचे और वहां से नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड और अस्पताल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां मरीज लहुलूहान अवस्था में मिला। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय चितईपुर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में अस्पताल प्रशासन ने प्रेस नोट जारी कर घटना पर दुख प्रकट कर मरीज के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। बताया गया कि मरीज की हाल में ही पैनक्रियाटिक कैंसर की सर्जरी हुई थी। उपचार के दौरान उसकी स्थिति भी संतोषजनक रही। इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story