झांसी में बनेगा साै बेड का अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
झांसी में बनेगा साै बेड का अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल


हर नागरिक तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाए : अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य

लखनऊ/झांसी, 15 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग अमित कुमार घोष ने बुधवार को झांसी में झांसी एवं चित्रकूटधाम मण्डल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में अपर मुख्य सचिव ने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए झांसी में एक नवीन अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जायेगा। प्रस्तावित अस्पताल में 100 बेड कैंसर रोगियों के लिए आरक्षित रहेंगे, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस हेतु मण्डलायुक्त, झांसी को भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने दोनों मण्डलों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम को गति देने, तथा मीजिल्स-रूबेला नियंत्रण की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इन निःशुल्क सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ रेफरल तंत्र की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, सुलभ एवं उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, डॉ. पिकी जोवल ने मानव संसाधनों के तर्कसंगत उपयोग पर बल देते हुए आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानव संपदा पोर्टल पर सूचनाओं के अद्यतन रखने तथा जहां एमबीबीएस चिकित्सकों की कमी है वहां आयुष एवं बीडीएस चिकित्सकों की तैनाती करने को कहा।

इससे पूर्व राज्य स्तर से गठित 51 पर्यवेक्षण दलों द्वारा झांसी एवं चित्रकूटधाम मण्डल के कुल 885 चिकित्सा इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा आपातकालीन सेवाओं का गहन मूल्यांकन किया गया। इसके अतिरिक्त 179 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का भी निरीक्षण किया गया, जिनके माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

बैठक में मण्डलायुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे, महानिदेशक-चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डॉ० पवन कुमार अरूण, महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ० एच०डी० अग्रवाल, महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ० रंजना खरे के साथ राज्य व जनपद स्तर के अन्य अधिकारीगण द्वारा भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story