नहरों की सफाई में लापरवाही पर भड़के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नहरों की सफाई में लापरवाही पर भड़के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह


नहरों की सफाई में लापरवाही पर भड़के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह


केबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी संग किया औचक निरीक्षण

मथुरा, 16 नवम्बर (हि.स.)। आगामी फसलों की बुवाई से पहले नहरों और माइनरों की सफाई तथा उनमें पानी छोड़ने की तैयारियों में लापरवाही सामने आने पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का पारा चढ़ गया। सोमवार दोपहर फरह कस्बे के परखम में भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक में शामिल होने से पहले उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के साथ सिंचाई विभाग के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। मंत्री और जिला पंचायत अध्यक्ष के अचानक मौके पर पहुंचने से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान नहरों की सफाई और व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां मिलने पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने भी क्षेत्रीय किसानों की सिंचाई से जुड़ी समस्याओं और समय पर पानी की उपलब्धता के मुद्दे पर मंत्री को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। शासन की ओर से आगामी फसलों की बुवाई को देखते हुए नहरों की सफाई और टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं दिख रही थी। इसी की हकीकत परखने के लिए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने गौ ग्राम परखम स्थित चामुंडा मंदिर के निकट नहर का विशेष रूप से निरीक्षण किया। मंत्री को नहर पर देख सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और कई अधिकारी सड़क पर पैदल ही दौड़ते नजर आए।

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नहरों और माइनरों की सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न करने की हिदायत दी, ताकि किसानों की फसलों की बुवाई प्रभावित न हो। इस औचक निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के साथ मुकेश खंडेलवाल, नगर निगम के पार्षद नीरज वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story