सपा-कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं, सत्ता में रहकर किया भ्रष्टाचार : स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सपा-कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं, सत्ता में रहकर किया भ्रष्टाचार : स्वतंत्र देव सिंह


कानपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई एजेंडा नहीं है। दोनों दल जब-जब सत्ता में आए, उन्होंने विकास के बजाय भ्रष्टाचार, गुंडई और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया। यह बातें बुधवार को कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सेवा ज्योति यात्रा के समापन अवसर पर कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के तहत सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत फूलबाग से हुई और बिरहाना रोड, नयागंज होते हुए घंटाघर चौराहे पर भारत माता की मूर्ति के पास जाकर इसका समापन हुआ। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी यात्रा में कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर शामिल हुए। इस दौरान स्वतंत्र देव सिंह के साथ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, राहुल सोनकर बच्चा, कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह और महापौर प्रमिला पांडेय समेत सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पहले फूलबाग में बनाए गए मंच पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का संबोधन सुनाया गया। संबोधन सुनने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवाद और विकास के संदेश के साथ लोगों को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने सत्ता में रहते हुए देश और प्रदेश को लूटने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों के शासन में भ्रष्टाचार और गुंडई को बढ़ावा मिला तथा सिमी जैसे आतंकी संगठनों का समर्थन किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। करोड़ों जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान, शौचालय, मुफ्त राशन और गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं मिली हैं। आज देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई हुई है, दंगे कम हुए हैं और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए जातिवाद, क्षेत्रवाद और वंशवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद और विकासवाद को अपनाना होगा।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story