सपा का सपना वंशवाद बढ़ाना, हमारा सपना राष्ट्र को गौरवशाली बनाना : स्वतंत्र देव सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सपा का सपना वंशवाद बढ़ाना, हमारा सपना राष्ट्र को गौरवशाली बनाना : स्वतंत्र देव सिंह


-“हम दो, हमारे दो“ कहकर चिढ़ाने वालों को अटल ने कहा था अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा वह साकार हुआ : प्रभारी मंत्री -गांव चलो अभियान के तहत घर-घर लाभार्थी संपर्क करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बूथ समितियों संग की बैठक

प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश सरकार के आठ वर्षों व केंद्र सरकार के 11 साल की उपलब्धियों को बताने घर-घर लाभार्थी सम्पर्क अभियान के तहत शुक्रवार को चाका मंडल के डभाँव में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रूबरू हुए। क्षेत्रवासियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम जातिवाद, वंशवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद के लिए काम नहीं करते। सपा का सपना है वंशवाद को बढ़ाना। हमारा सपना है इस राष्ट्र को गौरवशाली बनाना, गरीब को खुशहाल रखना।

उन्होंने आगे कहा कि अटल बिहारी बाजपेई ने नई पार्टी बनाकर कार्यकर्ताओं के कारवां को रुकने नहीं दिया। एक दिन दो सीटें लाकर कमल खिलाकर सदन में पहुंचे तो लोग चिढ़ाते थे “हम दो, हमारे दो“। अटलजी ने कहा था अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। पहली बार अटल बिहारी वाजपेई ने शक्ति का अहसास दुनिया को कराया कि भाजपा की ताकत क्या होती है। किसी के सामने सिर नहीं झुकाया और पोखरण परीक्षण करके दिखाया।

इसी सदन में सोनिया गांधी एवं पूरे विपक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई साम्प्रदायिक हैं और समर्थन वापस ले लिया। तब इसी सदन में उन्होंने कहा था कि मैं साम्प्रदायिक हूं चूंकि मैं राम की बात करता हूं, मै भारत माता की जय करता हूं तो साम्प्रदायिक हूं, मैं वंदेमातरम् की बात करता हूं तो साम्प्रदायिक हूं, मैं राम मंदिर निर्माण की बात करता हूं तो साम्प्रदायिक हूं। 370 धारा हटाने की बात करता हूं तो साम्प्रदायिक हूं, मैं हिन्दू हूं अपने को हिन्दू कहता हूं तो साम्प्रदायिक हूं, तो मैं साम्प्रदायिक हूं। आज सुशासन की नींव रखी जा रहीं है पूरा देश देख रहा है। 40 वर्षो में नेहरू से लेकर इंदिरा तक कोई अटलजी के ऊपर किसी प्रकार आरोप नहीं लगा पाए और सोनिया ने ऐसा कहा जिसे देश कभी भूलेगा नहीं और अटलजी वह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके।

उन्होंने कहा कि अटलजी पार्टी को मां समझकर कार्य करते थे। देश के गृहमंत्री अमित शाह बूथ अध्यक्ष से राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री बने और नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने तो एक झटके में धारा 370 हटाकर तिरंगा झंडा फहरा दिया। राम मंदिर का भव्य निर्माण हो रहा है। तीन तलाक़ समाप्त हुआ। लंदन की धरती पर जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरते हैं तब भारत माता की जय, वन्देमातरम् और तिरंगा फहरता है। उन्होंने केन्द्र राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताया।

अध्यक्षता बूथ अध्यक्ष अर्जुन भारतीया एवं देशराज पटेल ने किया। स्वागत सम्बोधन जिलाध्यक्ष यमुनापार राजेश शुक्ल ने करते हुए कैबिनेट मंत्री का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि यमुनापार के कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन प्रत्येक बूथों पर सरकार की योजनाओं को बताने गांव गली, कस्बे मुहल्ले में घर-घर जा रहे हैं।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बूथ समितियों संग बैठक, गांव सम्पर्क अभियान के साथ साथ लाभार्थियों से मिलकर संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अवसर पर इलाहाबाद लोकसभा प्रत्याशी रहे नीरज त्रिपाठी, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक पीयूष रंजन निषाद, काशी क्षेत्र महामंत्री संतोष सिंह पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा अश्वनी सिंह पटेल सहित भारी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story