व्यापार केवल लेन-देन नहीं, समाज को जोड़ने वाला माध्यम: मुकुंद मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
व्यापार केवल लेन-देन नहीं, समाज को जोड़ने वाला माध्यम: मुकुंद मिश्रा


व्यापार केवल लेन-देन नहीं, समाज को जोड़ने वाला माध्यम: मुकुंद मिश्रा


कानपुर, 02 मार्च (हि.स.)। व्यापार केवल लेन-देन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला माध्यम भी है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाते हैं। यह बातें सोमवार को कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कही।

शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र कलंटरगंज में बारदाना व्यापार मंडल की ओर से होली के पावन अवसर पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंग, उमंग और आपसी सौहार्द से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर उत्सव का आनंद उठाया। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, हास्य और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।

समारोह का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय कवि राधेश्याम मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कवि सम्मेलन रहा। कवियों ने हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार रस की रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कई रचनाओं पर तालियों की गड़गड़ाहट देर तक गूंजती रही। कवि सम्मेलन के साथ प्रस्तुत की गई राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, श्री गणेश और सुदामा चरित्र की जीवंत झांकियों ने श्रद्धा और आस्था का वातावरण बना दिया। दर्शकों ने झांकियों की मुक्त कंठ से सराहना की।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, एमएलसी सलिल बिश्नोई, विधायक अमिताभ बाजपेई, कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील बजाज एवं महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और व्यापारियों से संगठन की मजबूती व आपसी एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

संगठन के महामंत्री संतोष शर्मा ने बताया कि होलिका दहन के दिन इस प्रकार का आयोजन करना मंडल की वर्षों पुरानी परंपरा है, जिससे व्यापारियों के बीच आपसी मेल-जोल और समरसता बनी रहती है। कोषाध्यक्ष सीताराम गुप्ता ने कहा कि यह मंच केवल उत्सव का नहीं, बल्कि संगठनात्मक मजबूती और आपसी सहयोग बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

आयोजन में अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, सुनील बजाज, कृपा शंकर त्रिवेदी, रामेश्वर गुप्ता, लाला भैया, राकेश सिंह, अचल गुप्ता, विनीत गुप्ता, शिव प्रकाश गुप्ता, राकेश साहू, सीताराम गुप्ता एवं संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय व्यापारी व नागरिक शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story