फर्रुखाबाद: आरएसएस पदाधिकारी से अभद्रता का मामले में रोडवेज चौकी प्रभारी सहित चार पुलिस कर्मी लाइन हाजिर

WhatsApp Channel Join Now

फर्रुखाबाद,17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला प्रचारक माधवेन्द्र सिंह की बाइक की जांच के दौरान हुई नोकझोंक के मामले में पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए बस अड्डा चौकी प्रभारी समेत चार पुलिस कर्मियों को बुधवार को लाइन हाजिर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बस अड्डा चौकी के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरएसएस के जिला प्रचारक माधवेन्द्र सिंह की बाइक को जांच के लिए रोका गया। बाइक की चेकिंग के दौरान किसी बात को लेकर जिला प्रचारक और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की समीक्षा की। जांच के बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बुधवार को बस अड्डा चौकी प्रभारी कपिल कुशवाहा, सिपाही अनुज कुमार तथा रिक्रूट आरक्षी अजय सिंह और विक्रम सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए। एसपी की इस कार्रवाई को अनुशासन एवं संवेदनशील मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से देखा जा रहा है। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर भी आवश्यक जांच की जा रही है।

एसपी आरती सिंह ने बताया कि अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story