बुंदेलखंड के बांदा में बनेगा साइंस पार्क, अधिकारियों ने देखी भूमि

WhatsApp Channel Join Now
बुंदेलखंड के बांदा में बनेगा साइंस पार्क, अधिकारियों ने देखी भूमि


बांदा, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में विकास का एक कदम और आगे बढ़ाते हुए शासन ने यहां बुंदेलखंड का पहला साइंस पार्क बनाने का ऐलान किया है। प्रदेश में इस तरह के करीब आधा दर्जन पार्क ही संचालित हैं। साइंस पार्क में मनोरंजन के साथ ही अब वैज्ञानिक नवाचार भी किया जा सकेगा और छात्रों को अपना वैज्ञानिक अनुभव बढ़ाने में मदद मिल सकेगी।

करीब साढ़े 45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला साइंस पार्क आईटी, एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स आदि के क्षेत्रों में स्टार्टअप और समाज के विकास को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। मंगलवार को लखनऊ से आई विशेषज्ञ टीम ने शहर के नरैनी रोड स्थित कांशीराम उपवन में बुंदेलखंड के पहले साइंस पार्क के लिए भूमि का मुआयना किया और निर्माण को हरी झंडी दी।

अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे व बांदा विकास प्राधिकरण के सचिव मदन मोहन वर्मा ने बताया कि पार्क के इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण का काम सीएंडडीएस को सौंपा गया है। साइंस पार्क का निर्माण युवाओं को विज्ञान, नवाचार व शोध के क्षेत्र में नए अनुभव प्राप्त करने के साथ ही उन्हें करके सीखने के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

नगर पालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि अंकित बासू ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और जिलाधिकारी जे.रीभा को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए साइंस पार्क के निर्माण को बांदा के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।

उधर, कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक रणजीत कुमार ने बताया कि परियोजना की कुल लागत 4556.80 लाख रुपये आंकी गई है। जिसमें से पार्क के भवन और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए करीब 23 करोड़ रुपये और वैज्ञानिक गतिविधियों के लिए करीब 22 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। निरीक्षण करने लखनऊ से यहां पहुंची विशेषज्ञ टीम के सदस्यों ने मौका मुआयना किया और साइंस पार्क के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था को शीघ्र ही साइंस पार्क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

कार्यदायी संस्था के परियोजना निदेशक रणजीत कुमार ने बताया कि बहुमंजिला इमारत में संचालित होने वाले साइंस पार्क में एक्जीवीशन गैलरी, नॉलेज थियेटर, स्पेस साइंस गैलरी समेत विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों का भंडार होगा। उन्होंने बताया कि विज्ञान के क्षेत्र में रुचि रखने वाले बच्चों को साइंस पार्क के माध्यम से एक ही स्थान पर विज्ञान की संपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। बच्चों के खेलने के लिए हरे-भरे पार्क में भी खेल-खेल में विज्ञान सीखने की भी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। समूचा परिसर सीसीटीवी कैमरों और सौर ऊर्जा से लैस रहेगा। सीसी राेड और हरियाली से सुसज्जित साइंस पार्क में जिले के युवाओं को वैज्ञानिक नवाचार के साथ तमाम जानकारियां हासिल हो सकेंगी और उन्हें शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के समय बांदा विकास प्राधिकरण के सचिव एडीएम नमामि गंगे मदन मोहन वर्मा, कार्यदायी संस्था के परियोजना निदेशक रणजीत कुमार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रीचंद्र चौधरी, चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू, सभासद प्रतिनिधि ज्ञानप्रताप ज्ञानू, राहुल सिंह समेत तमाम लोग शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story