तरबूज से भरी बैलगाड़ी पलटी, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तरबूज से भरी बैलगाड़ी पलटी, चालक की मौत


फर्रुखाबाद, 21 अप्रैल( हि.स.) । मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में तरबूज लेकर जा रही एक बैलगाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कटरी गंगपुर पहाड़पुर गांव निवासी अवधेश बैलगाड़ी से गंगा किनारे पालेज में उगाए गए तरबूज को पंखिया नगला गांव ला रहे थे। इन तरबूजों को आगे दिल्ली भेजा जाना था। रास्ते में अचानक बैलगाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे अवधेश उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया है कि मृतक अवधेश अविवाहित थे और अपने बड़े भाई की मृत्यु के बाद भाभी व भतीजे के साथ रह रहे थे। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बेहाल हैं। मऊ दरबाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story