त्योहारों पर सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें व्यापारी : पुलिस उपायुक्त पूर्वी

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारों पर सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें व्यापारी : पुलिस उपायुक्त पूर्वी


कानपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सर्राफा व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ समन्वय जरूरी है। यह बातें शनिवार को पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने कहीं।

धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर पुलिस ने सर्राफा बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने पुलिस कार्यालय के सभागार में पूर्वी जोन के सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। बैठक में त्योहारों के दौरान व्यापारियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ बाजारों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई।

पुलिस उपायुक्त ने सभी सर्राफा प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों और दुकानों के आसपास आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोका जा सके।

त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रभावी पुलिस गश्त, पिकेट और नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात सुचारु रखने, पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने और अतिक्रमण नियंत्रित करने पर जोर दिया गया। बैठक में व्यापारियों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, जिससे त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बना रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story