बोलेरो की टक्कर से बुलेट सवार दंपति की मौत
जौनपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बदलापुर थाना क्षेत्र के कालिंजरा मोड़ के पास रविवार देर शाम को तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से बुलेट सवार दंपति की मौत हो गई। हादसे में पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पति की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुल्तानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी रमेश गौतम (29) अपनी पत्नी रीता देवी (35) के साथ रविवार को बुलेट से जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव जा रहे थे। बताया गया कि शाहपुर में उनकी रिश्तेदारी में किसी की मौत हो गई थी। दोनों शोक संवेदना व्यक्त करने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर से निकले थे।
रास्ते में बदलापुर थाना क्षेत्र के कालिंजरा मोड़ के पास उनकी बुलेट सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में रीता देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रमेश गौतम को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी भी मौत हो गई।
परिवार में मचा कोहरामदंपति की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतक दंपति के दो पुत्र हैं। माता-पिता की मौत से बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।पुलिस ने शुरू की कार्रवाईसूचना पर पहुंची बदलापुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल बोलेरो के संबंध में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।बदलापुर थानाध्यक्ष फूलचंद्र पांडेय ने रविवार शाम करीब सात बजे बताया कि सड़क हादसे में दंपति की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

