हाईवे किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
हाईवे किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर


टीन शेड और गुमटियां हटाईं

हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर कस्बे में शनिवार को नेशनल हाईवे-34 के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान नगर पंचायत प्रशासन, की टीमों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों को हटाया गया।

कानपुर से मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-34 सुमेरपुर कस्बे के बीच से गुजरता है। कस्बे में लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए हाईवे के दोनों किनारों पर नालों का निर्माण कराया था। लेकिन समय के साथ कई दुकानदारों ने नालों के ऊपर तक कब्जा कर टीन शेड, टप्पर और पक्के निर्माण कर लिए थे, जिससे सड़क संकरी हो गई थी और आए दिन जाम की समस्या बढ़ रही थी। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से पहले ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद शनिवार को प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान नालों के ऊपर बने कच्चे और पक्के निर्माणों को ध्वस्त किया गया। बुलडोजर से टीन शेड, गुमटियां और अस्थायी ढांचे हटाए गए। वहीं, पुलिस बल ने पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी, जबकि टीमें अतिक्रमण का चिन्हांकन करती रहीं। अतिक्रमण हटाओ अभियान बस स्टैंड से लेकर नेहा चौराहे तक चलाया गया। प्रशासन के अनुसार हाईवे के मध्य से दोनों ओर 55-55 फीट क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की गई। एसड़ीएम सदर अभिषेक कुमार ने बताया कि हाइवे किनारे अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। आज सुमेरपुर कस्बे में नेशनल हाइवे किनारे अवैध अतिक्रमण हटवाने का अभियान तेज किया गया है। बताया कि अवैध अतिक्रमण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story