बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, यहां बनेगा तो देश विदेश में मांग खुद बढ़ेगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now

सीएनएच ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन, 1200 करोड़ के निवेश से औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित होगा जेवर

₹1200 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

माफिया राज की जगह कानून का राज, उत्तर प्रदेश टॉप 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

15 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर, 7.5 लाख करोड़ के प्रस्ताव जल्द होंगे साकार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह अब कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और बुलडोजर की कार्रवाई ने यूपी को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। अगर कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी, तो देश विदेश में इसकी मांग स्वतः ही बढ़ेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में ₹1200 करोड़ से अधिक की लागत से यह प्लांट स्थापित हो रहा है।

जेवर अब भारत का गहना और निवेश का हब
मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी गोलियां चलती थीं और जो अपराध दर में सबसे ज्यादा बदनाम था, वह जेवर आज भारत के ‘गहने’ के रूप में निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के विकास के साथ यह पूरा क्षेत्र एक बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। यहां एचसीएल फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं आकार ले रही हैं।

बीमारू से देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बना यूपी 
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, पिछड़ेपन और अराजकता जैसे कई प्रश्न थे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन गया है। उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि राज्य टॉप अचीवर रहा है और डीरेग्युलेशन में देश में प्रथम स्थान पर है। कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला यूपी आज बॉटम फाइव से बाहर निकलकर देश की टॉप 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। राज्य 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

साढ़े नौ वर्षों में 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं और आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयां 1 करोड़ तक पहुंच चुकी हैं और स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है।

किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का 100 एकड़ में बनने वाला यह प्लांट प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक निर्माण को नई गति देगा। 1200 करोड़ के इस निवेश से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी साढ़े अठारह प्रतिशत है। इस निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने सीएनएच प्रबंधन को राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

युवाओं को इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के साथ मिलकर प्रदेश के विशाल जनसांख्यिकीय लाभांश (डेमोग्राफिक डिविडेंड) को स्किल से जोड़कर इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार किया जा रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में यूपी नवाचार और रोजगार के नए द्वार खोल रहा है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड, सीईओ गैरीट मार्क्स सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23594 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story