17 हजार वर्ग मीटर में फैली अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
17 हजार वर्ग मीटर में फैली अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर


बागपत, 21 फ़रवरी (हि.स.)। बागपत विकास प्राधिकरण ने शनिवार को 17 हजार वर्ग मीटर में फैली तीन अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण ने यह चेतावनी दी है कि बिना नक्शा पास कराए कोई भी प्लाटिंग ना करें।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि बागपत, बड़ोत, खेकड़ा विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में फैली अवैध कॉलोनियों पर लगातार कार्रवाई चल रही है। इसी के चलते शनिवार को विकास प्राधिकरण ने बागपत में 17 हजार वर्ग मीटर में फैली तीन अवैध कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। पहली कॉलोनी बागपत नगर के खसरा संख्या-1138, 1139, 1140, 1141 व 1155 पर पृथ्वीराज डिग्री कालेज के सामने बनी थी। यह अनाधिकृत आवासीय कॉलोनी लगभग चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैली थी। इसके निर्माणकर्ता सगवा निवासी फज्जल और रामनिवास थे। दूसरी चमरावल रोड पर एवन होटल के पास छह हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल पर विकसित की जा रही थी, जिसको देशराज मोहल्ला निवासी सबबली चौहान करवा रहे थे। तीसरी गन्ना मिल के पास बाईपास पर ज्योति कालोनी के सामने विकसित की जा रही थी जो सात हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैली थी।

विकास प्राधिकरण के जई अजित कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार शाम तक 17 हजार वर्गमीटर में फैली तीन अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कारवाई की गई है। अपील की जाती है कि जनपद में कोई भी व्यक्ति अनाधिकृत कॉलोनी में प्लॉट ने खरीदे। इसकी सही जानकारी विकास प्राधिकरण के कार्यालय में कर ले।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story