कानपुर के धरमपुर में 19.5 बीघे में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर के धरमपुर में 19.5 बीघे में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर


कानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम धरमपुर में लगभग 19.5 बीघे में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर बिना स्वीकृति के की जा रही प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कराया।

केडीए के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर प्रवर्तन जोन- एक बी की टीम ने विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पन्ना लाल, अदन पुत्र भरोसा, पूजा यादव पत्नी रामचन्द्र, राकेश दीक्षित, सती प्रसाद समेत अन्य लोगों ने की जा रही करीब सात बीघा अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

इसके अलावा मेसर्स माॅ डेवलपर्स के सुनील कुमार गौर, चेतन बाजपेई व अन्य द्वारा लगभग 5.5 बीघा में विकसित की जा रही प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। वहीं, सुनील कुमार, मृदुल जौहरी, राधेश्याम पुत्र गंगाराम, सूरजवली, शंकर लाल, मोहन लाल समेत अन्य लोगों ने करीब सात बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन टीम ने इन कॉलोनियों में बनाए गए प्रवेश द्वार, सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर और निर्माणाधीन ढांचों को तीन जेसीबी से गिरा दिया। साथ ही प्रवेश मार्गों को गड्ढा खोदकर बंद कर दिया गया, ताकि दोबारा वहां प्लाटिंग न की जा सके।

विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के जमीन की प्लाटिंग कर भोले-भाले लोगों को प्लॉट बेचे जा रहे थे। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि प्लॉट खरीदने से पहले केडीए से उसकी स्वीकृति और लेआउट की जांच अवश्य कर लें। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story