बिनगवां में 10 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग पर केडीए का चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
बिनगवां में 10 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग पर केडीए का चला बुलडोजर


कानपुर, 21 मई (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने प्रवर्तन जोन-3 के अंतर्गत ग्राम बिनगवां में गुरुवार को लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में की गई अवैध प्लाटिंग, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे एवं डिमार्केशन को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया।

कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर 21 मई को प्रवर्तन जोन-3 में विशेष ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला ने किया।

प्राधिकरण के अनुसार आराजी संख्या 70 एवं 71 स्थित ग्राम बिनगवां में प्रभाकर एवं अन्य द्वारा अवैध प्लाटिंग का कार्य कराया गया था। कार्रवाई के दौरान अवैध प्लाटिंग, बिजली के खंभे, बाउंड्रीवाल एवं डिमार्केशन को पूरी तरह ध्वस्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला, अवर अभियंता अमरनाथ यादव, केडीए प्रवर्तन दल, पूर्व सैनिक बल एवं थाना सेन पश्चिम पारा का पुलिस बल भारी संख्या में मौजूद रहा।

प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि प्रवर्तन जोन-3 में अन्य अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग भी चिन्हित की गई हैं, जिनके विरुद्ध आगे भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story