संभल में अवैध कब्जा हटाकर बनाया गया अटल बाल उद्यान पार्क
संभल , 21 दिसंबर (हि.स.)। जनपद संभल में अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई भूमि पर 'अटल बाल उद्यान पार्क' बनकर तैयार हो गया है। भाजपा सभासद चंचल गुप्ता द्वारा निर्मित इस पार्क का उद्घाटन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर किया जाएगा। भाजपा सभासद चंचल गुप्ता के द्वारा पार्क का निर्माण वार्ड संख्या 18 के ठेर सर्राफा बाजार में कराया गया है, जहां अटल बिहारी वाजपेयी ने 1974 में एक राजनीतिक सभा को संबोधित किया था।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद संभल 'सुशासन सप्ताह' मना रही है और यह पार्क पालिका के अच्छे कार्यों का प्रतीक है। पूर्व प्रधानमंत्री की याद में बने इस पार्क को उद्घाटन से पहले सजाया-संवारा जा रहा है। इसमें एक स्मृति पट्टिका भी लगाई गई है, जिसमें अटल जी के जीवन से जुड़े प्रेरक वाक्य और कविताएं शामिल हैं।
डॉ.मणिभूषण तिवारी ने यह भी बताया कि उन्हें हाल ही में एक प्राचीन तस्वीर मिली है। इस तस्वीर में अटल जी संभल के कई लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और जनसंघ से जुड़े सदस्यों के साथ बैठक करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह महत्वपूर्ण साक्ष्य भी पार्क में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां संभल से अटल जी के गहरे जुड़ाव को जान सकें।
जिस भूमि पर यह पार्क बना है, वह पहले अवैध कब्जों और गंदगी का शिकार थी। यहां अनधिकृत रूप से फड़ें लगती थीं, जिससे भारी गंदगी फैलती थी। इस क्षेत्र में अक्सर यातायात जाम की समस्या रहती थी और सड़कों पर जानवरों का जमावड़ा लगा रहता था। नगर पालिका ने इन अवैध गतिविधियों को हटाकर क्षेत्र का सौंदर्याकरण किया है।
अब यह पार्क शहरवासियों के लिए एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल बन गया है। इसमें बच्चों के लिए खेलने की जगह है और खरीदारी के दौरान विश्राम करने के लिए पर्याप्त बेंच भी लगाई गई हैं। यह पहल संभल शहर के सौंदर्याकरण और नागरिकों को बेहतर वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar

