बुवि : छात्रों के पांच घंटे के उग्र प्रदर्शन के बाद सुरक्षाकर्मी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
बुवि : छात्रों के पांच घंटे के उग्र प्रदर्शन के बाद सुरक्षाकर्मी निलंबित


बुवि : छात्रों के पांच घंटे के उग्र प्रदर्शन के बाद सुरक्षाकर्मी निलंबित


बीते दिनों छात्रों व सुरक्षा कर्मियों के बीच हुई थी झड़प

छात्रों संग मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल

झांसी, 11 मई (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विधि छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना ने अब बड़ा रूप ले लिया है। दो दिन पूर्व विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच हुई मारपीट के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में विभिन्न छात्र संगठनों ने एकजुट होकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों के उग्र विरोध के चलते विश्वविद्यालय का कामकाज कई घंटों तक पूरी तरह ठप रहा। उग्र प्रदर्शन से सकते में आए बुवि प्रशासन ने एक गार्ड को निलंबित कर दिया। तब जाकर 07 दिन के अल्टीमेटम के साथ छात्रों ने प्रदर्शन रोका।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि घटना में शामिल सुरक्षा गार्डों पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। इसी को लेकर छात्रों ने मुख्य गेट पर तालाबंदी कर विरोध दर्ज कराया। मामले में विधि विभाग के छात्र मानव श्रीवास और रोहित पाठक के साथ हुई मारपीट को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

इस आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), समाजवादी छात्रसभा, एनएसयूआई तथा आजाद समाज पार्टी के छात्र संगठन सहित कई छात्र संगठनों का समर्थन मिला। छात्रों ने लगभग पांच घंटे तक विश्वविद्यालय के मुख्य गेट को बंद रखा, जिससे परिसर में प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित रहीं।

छात्रों के बढ़ते दबाव और उग्र प्रदर्शन को देखते हुए कुलपति कार्यालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त पाए गए सुरक्षा गार्ड अमित को निलंबित कर जांच के आदेश जारी कर दिए। साथ ही प्रशासन ने अन्य गार्डों की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हालांकि छात्र अभी भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग है कि घटना में शामिल अन्य छह गार्डों को भी निलंबित किया जाए, मुख्य गार्ड को बदला जाए तथा छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए। छात्रों ने कुलपति से वार्ता के दौरान चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।

विश्वविद्यालय परिसर में फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रदर्शन में वरिष्ठ छात्र नेता लव सिन्हा, निर्भय प्रताप, वासुदेव पोखरेल, आजाद यादव (मम्मा) समेत, हर्ष शर्मा,इकाई अध्यक्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सूर्या प्रताप सिंह , इकाई अध्यक समाजवादी छात्रसभा हर्षवर्धन यादव, सुधांशु दुबे,श्याम जी शर्मा,कार्तिक,विश्व प्रताप सिंह,विराट सिंह (छिरौना),देव सिंह कुशवाहा, लवकुश पटेल,नितेश यादव,आदर्श, हिमांशु यादव उत्तम सिंह राजपूत,श्याम सुंदर राजपूत, अविनाश, रितेश शुक्ला, शिवांक शर्मा , युवराज राठौर,आदि सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।

शराबी पुलिसकर्मी पर भड़के विभाग संगठन मंत्री

प्रदर्शन के दौरान अभाविप के विभाग संगठन मंत्री निर्भय एक कथित शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मी पर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की रक्षक होती है, लेकिन यदि पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहेंगे तो सुरक्षा व्यवस्था कैसे संभालेंगे। निर्भय ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी ने दिन में ही शराब पी रखी है। उन्होंने मौके पर ही मेडिकल जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि पुलिसकर्मी शराब पिए नहीं निकला तो वह पूरा आंदोलन समाप्त कर देंगे। बाद में अधिकारियों की समझाइश पर मामला शांत हो सका। अब वह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story