प्रो. अवनीश कुमार बने विजनाना परिषद ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, गणितीय शोध को मिलेगा नया आयाम
झांसी, 04 जून (हि.स.)। गणितीय शोध और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थापित प्रतिष्ठित संस्था विज़नाना परिषद ऑफ इंडिया (वीपीआई) के नए अध्यक्ष के रूप में बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के गणितीय विज्ञान विभागाध्यक्ष अवनीश कुमार को चुना गया है। उनकी इस नियुक्ति को अकादमिक जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
वीपीआई की स्थापना वर्ष 1971 में डॉ. बी.बी. लाल और डॉ. आर.सी.एस. चंदेल द्वारा की गई थी, जिसका उद्देश्य गणित के क्षेत्र में शोध, नवाचार और व्यावहारिक अनुप्रयोगों को बढ़ावा देना रहा है। संस्था को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने में कनाडा के प्रो. एच.एम. श्रीवास्तव तथा स्वर्गीय प्रो. जगत नारायण कपूर का अहम योगदान माना जाता है। परिषद द्वारा यूजीसी-केयर सूचीबद्ध शोध पत्रिका ‘ज्ञानाभ’ का भी प्रकाशन किया जाता है।
हाल ही में एचएनबी केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर (गढ़वाल) में आयोजित वीपीआई की 27वीं वार्षिक बैठक में प्रो. अवनीश कुमार को परिषद का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। अध्यक्ष पद संभालने के बाद उन्होंने कार्यपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की और गणित तथा भारतीय पारंपरिक गणित के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शोध, नवाचार और अध्ययन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने 8वें अंतरराष्ट्रीय गणितीय विज्ञान सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भी वीपीआई की ओर से अध्यक्षीय संबोधन दिया। सम्मेलन का उद्घाटन कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने किया, जिसमें देश-विदेश के अनेक वरिष्ठ गणितज्ञ और शोधकर्ता शामिल हुए।
प्रो. अवनीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक गणितीय अनुसंधान को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़कर नई दिशा दी जा सकती है, जिससे शिक्षा और शोध दोनों क्षेत्रों में गुणवत्ता और नवाचार को बल मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

