बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 की गोपनीय सामग्री सुरक्षित रूप से बुवि पहुंची
झांसी, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन के बाद परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री प्रदेश के सभी 72 जनपदों से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित रूप से बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी पहुंचा दी गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधुनिक तकनीक और सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था के माध्यम से इस पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।
जानकारी के अनुसार, गोपनीय सामग्री लेकर आने वाला पहला वाहन 31 मई की रात लगभग 8:30 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित अत्याधुनिक कंट्रोल रूम पहुंचा। इसके बाद देर रात से लेकर अगले दिन तक विभिन्न जिलों से परीक्षा सामग्री लेकर वाहन लगातार विश्वविद्यालय पहुंचते रहे। सभी 72 जनपदों की सामग्री प्राप्त होने तक यह प्रक्रिया जारी रही।
गोपनीय सामग्री को उत्तर प्रदेश पुलिस की सुरक्षा में ट्रकों एवं अन्य वाहनों द्वारा विश्वविद्यालय लाया गया। कंट्रोल रूम में तैनात विशेष टीम ने सामग्री को वाहनों से उतारकर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित स्थानों पर रखा तथा उसकी सतत निगरानी सुनिश्चित की। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और गोपनीयता के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया गया।
इस अवसर पर बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने स्वयं कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गोपनीय सामग्री लेकर आने वाले वाहनों की जांच की तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कुलपति ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव एवं निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में नियुक्त विश्वविद्यालय प्रतिनिधि भी अपने-अपने जिलों की परीक्षा सामग्री लेकर झांसी पहुंचे। कंट्रोल रूम में मौजूद अंतिम टीम ने सामग्री के सुरक्षित भंडारण और संरक्षण की जिम्मेदारी संभाली। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से अत्यंत सावधानीपूर्वक सम्पन्न की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

