बुंदेलखंड में 12 वर्षों के विकास की गाथा दिखा रही चार दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बुंदेलखंड में 12 वर्षों के विकास की गाथा दिखा रही चार दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ


बुंदेलखंड में 12 वर्षों के विकास की गाथा दिखा रही चार दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ


20 जून तक आमजन के लिए निःशुल्क रहेगी प्रदर्शनी

झांसी, 17 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से पं. दीनदयाल सभागार परिसर में आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का बुधवार को सांसद अनुराग शर्मा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में हाईवे, एक्सप्रेस-वे, फ्लाईओवर, रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण, कृषि विश्वविद्यालय और प्रस्तावित एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन, स्वच्छता, सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी परियोजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया है। बबीना आईटीआई भवन, राजकीय महाविद्यालयों का निर्माण, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में जिम्नास्टिक हॉल, मल्टी लेवल पार्किंग, सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट तथा पर्यटक सूचना केंद्र जैसी परियोजनाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, मिशन शक्ति और एक जनपद-एक उत्पाद समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। 20 जून तक चलने वाली यह प्रदर्शनी आमजन के लिए निःशुल्क रहेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, विधायक रवि शर्मा, विधायक राजीव सिंह पारीछा, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, जिलाधिकारी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story