स्तनपान से स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत होती है: डॉ. संजय काला

WhatsApp Channel Join Now
स्तनपान से स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत होती है: डॉ. संजय काला


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। स्तनपान शिशु के स्वस्थ विकास और मां के बेहतर स्वास्थ्य की मजबूत नींव है। इसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। यह बातें शनिवार को गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक (जीएसवीएम) मेडिकल कॉलेज में विश्व स्तनपान सप्ताह-2026 के शुभारंभ अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने कहीं।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की ओर से विश्व स्तनपान सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. संजय काला ने किया। इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. ऋचा गिरी एवं एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में स्तनपान की भूमिका और इसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विश्व स्तनपान सप्ताह एवं विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शिशु को आवश्यक पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता और बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रदान करता है। साथ ही यह मां के स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी माना जाता है।

कार्यक्रम में विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. किरण पाण्डेय, डॉ. कंचन शर्मा, डॉ. संगीता सारस्वत, डॉ. शीला शर्मा और डॉ. सपना सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा प्रो. डॉ. नीना गुप्ता, प्रो. डॉ. अनीता गौतम, प्रो. डॉ. शैली अग्रवाल, प्रो. डॉ. वंदना शर्मा सहित विभाग के अन्य संकाय सदस्य, रेजिडेंट चिकित्सक, इंटर्न और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रज्ञा त्रिवेदी एवं डॉ. फरहीन ने किया। अंत में विभाग की ओर से स्तनपान को बढ़ावा देने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक एवं चिकित्सीय परंपराओं को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story