जन सहयोग से संवरा वनखंडेश्वर महादेव मंदिर, पूजा-अर्चना के बाद खुले कपाट,मंत्री सतीश शर्मा ने की शिव पूजा

WhatsApp Channel Join Now
जन सहयोग से संवरा वनखंडेश्वर महादेव मंदिर, पूजा-अर्चना के बाद खुले कपाट,मंत्री सतीश शर्मा ने की शिव पूजा


बाराबंकी, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र स्थित प्राचीन श्री वनखंडेश्वर महादेव मंदिर का जन सहयोग से जीर्णोद्धार पूरा होने के बाद मंगलवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। मंत्रोच्चारण और वैदिक अनुष्ठानों के बीच कपाट खुलते ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री सतीश शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी केपी तिवारी ने भी पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत पूजन किया। दोपहर में मंदिर के कपाट खुलने के बाद शिवलिंग का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद कन्या भोज और साधु भोज का आयोजन हुआ। विशाल भंडारे में क्षेत्र के साथ ही आसपास के गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

धार्मिक आयोजन के बाद मंदिर परिसर में अतिथियों और श्रद्धालुओं ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जन सहयोग से प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार और कपाट खुलने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर के पुनः भव्य स्वरूप में आने पर प्रसन्नता जताई।

कार्यक्रम में एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, आशीष सिंह, रविकांत पांडेय मोनू, योगेश मिश्रा, देवेंद्र प्रताप सिंह, ओमप्रकाश वर्मा, राजेश वर्मा, संजय वर्मा, सुधीर सिंह, राकेश वर्मा कर्रा, देवी शरण पांडेय, रेखा किन्नर, प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया और सुदीप बाजपेई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story