डीजे पर डांस बना विवाद की जड़, बिना शादी लौटी बारात
अमेठी, 30 अप्रैल (हि.स.)। अमेठी के कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव कटरा हुलासी में बुधवार रात एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब डीजे पर गाना बजाने और डांस को लेकर घराती और बराती पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के आनापुर गांव से बारात देर शाम कटरा हुलासी पहुंची थी। द्वारपूजा के दौरान डीजे पर गाने और नृत्य को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में बहस हुई, लेकिन जल्द ही स्थिति बिगड़ गई और लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। वहीं, दुल्हन पक्ष के परिवार में मायूसी छा गई, क्योंकि शादी की खुशियां अचानक तनाव में बदल गईं और बारात बिना शादी के लौट गई।
कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने गुरुवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि दोबारा किसी तरह की घटना न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

