दाे घंटे की झमाझम बारिश से पीतलनगरी बनी जलनगरी, नगर निगम के दावों की खुली पोल

WhatsApp Channel Join Now
दाे घंटे की झमाझम बारिश से पीतलनगरी बनी जलनगरी, नगर निगम के दावों की खुली पोल


दाे घंटे की झमाझम बारिश से पीतलनगरी बनी जलनगरी, नगर निगम के दावों की खुली पोल


मुरादाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में सोमवार शाम को हुई 02 घंटे की झमाझम बारिश से पूरा शहर जल मग्न हो गया। गली-मोहल्ले हो या आवास विकास और एमडीए की कालोनियां सभी बारिश के पानी से लबालब हो गई। इससे नगर निगम द्वारा नालों की तली झाड़ की गई सफाई की पोल खुल गई। दो-तीन दिन की बूंदाबांदी और आज की इस बारिश से मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गुरुवार तक मुरादाबाद में बारिश का रेड अलर्ट हैं, शुक्रवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है।

सोमवार सुबह मुरादाबाद में बादल छाए हुए थे लेकिन उमस भरी गर्मी और हवा न चलने के कारण लोग बेहाल थे। दोपहर 3 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते शुरू हुई बूंदाबांदी धीरे-धीरे तेज मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गई। शाम 4 से शाम 6 बजे तक 2 घंटे की झमाझम बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से छुटकारा दे दिया वहीं इस बारिश से पीतलनगरी जलमग्न हो गई। आवास विकास की बुद्धि विहार कॉलोनी मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, नवीन नगर कॉलोनियों के साथ कटघर, बुध बाजार, जीएमडी रोड, भोलनाथ कॉलोनी, लाइनपार बांग्ला गांव, चक्कर की मिलक, नवाबपुरा, असलतपुरा, लाजपतनगर, गांधीनगर आदि कई मोहल्ले बारिश के पानी से लबालब हो गए जिससे आवागमन काफी प्रभावित हो गया। बीते माह मानसून की शुरुआत से पूर्व नगर निगम ने नालों की तड़ी झाड सफाई का दावा किया था लेकिन वह खोखला साबित हुआ। नाला चौक होने की वजह से आज 02 घंटे की झमाझम बारिश से सारी सच्चाई महानगर की जनता के सामने आ गई।

इस बाबत महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि मानसून आने से पूर्व नगर निगम द्वारा महानगर व सभी वार्डन में नाले नालियों की तड़ी झाड़ सफाई कराई गई थी। पॉलिथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध के बावजूद भी लोग पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे हैं जिसके कारण नाले नालियां चाेक हो जाते हैं। सोमवार को नगर निगम कंट्रोल रूम में जहां से भी जल विभाग की सूचना आई वहां नगर निगम की टीम ने पहुंचकर तुरंत सफाई अभियान चलाकर जल निकासी के प्रबंध किए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story