उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्रॉमा सेंटर में मरीज की मौत के मामले का लिया संज्ञान, जांच के दिए आदेश

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्रॉमा सेंटर में मरीज की मौत के मामले का लिया संज्ञान, जांच के दिए आदेश


उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्रॉमा सेंटर में मरीज की मौत के मामले का लिया संज्ञान, जांच के दिए आदेश


- वायरल वीडियो की तीन दिन में जांच रिपोर्ट की तलब

लखनऊ, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में शनिवार को बुजुर्ग मरीज की मौत और सिर में चोट लगे युवक को बेड न मिलने के मामले को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया में वायरल दोनों वीडियो की जांच कराने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में उप मुख्यमंत्री ने कुलपति को पत्र लिखकर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। तीन दिन में जांच पूरी करनी होगी।

उल्लेखनीय है कि हरदोई के संडीला निवासी राजकुमार गुप्ता (60) को सांस लेने में तकलीफ थी। परिजन बुजुर्ग मरीज को गंभीर अवस्था में लेकर केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार इमरजेंसी में मरीज को भर्ती कराया था। मरीज को सांस लेने में तकलीफ थी, लिहाजा डॉक्टरों ने ऑक्सीजन लगाई थी। परिजनों का कहना था कि बलगम अधिक होने की वजह से मरीज को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। सेक्शन मशीन से बलगम बाहर निकालने के लिए कहा गया। आरोप है कि सेक्शन मशीन में गैस नहीं थीं। इसकी वजह से मरीज की मौत हो गई। इस संबंध में परिजनों ने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो का उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लेते हुए कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद को प्रकरण की जांच कर लापरवाह लोगों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए जारी किए हैं। तीन दिन के भीतर जांच पूरी करनी होगी।

उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं अव्यवस्था क्षम्य नहीं है। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही एवं शिथिलता बरतने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story