बरेली में ठेले पर मरीज ले जाने के मामले में जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। बरेली जिला अस्पताल में बुजुर्ग महिला को इलाज न मिलने और मरीज को ठेले पर ले जाने के वायरल वीडियो का डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। डिप्टी सीएम ने मामले काे लेकर जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक को निर्देशित किया है कि वह वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराएं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों की सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मरीज मेरे लिए ईश्वर का रूप हैं। उनकी सेवा में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। सरकारी अस्पतालों के प्रति मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इस तरह की घटनाओं से विभाग की छवि खराब होती है। इसे किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story