लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर स्कूली बस हादसे में मासूम बच्चों की मौत पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जताया गहरा शोक

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर स्कूली बस हादसे में मासूम बच्चों की मौत पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जताया गहरा शोक


लखनऊ, 24 नवंबर (हि.स.)। कौशांबी से कन्नौज पिकनिक पर जा रहे स्कूली बच्चों की बस के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त होने और इस हृदय विदारक हादसे में मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

उन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना को अत्यंत दुःखद, पीड़ादायक एवं स्तब्ध करने वाला बताते हुए हादसे में अपने मासूम बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति को शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि दुर्घटना में घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने सभी घायल बच्चों को उच्च कोटि की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिजनों की हर संभव मदद करने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घायलों के उपचार के साथ ही उनकी स्वास्थ्य स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

श्री पाठक ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार अकेले नहीं हैं। उत्तर प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

अंत में उन्होंने प्रभु श्रीहरि से दिवंगत मासूम बच्चों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782255 Articles

Share this story