एसआई भर्ती परीक्षा में एक प्रश्न से आहत ब्राह्मण समाज ने थाने में दी तहरीर, मुकदमा दर्ज करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
एसआई भर्ती परीक्षा में एक प्रश्न से आहत ब्राह्मण समाज ने थाने में दी तहरीर, मुकदमा दर्ज करने की मांग


मुरादाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों द्वारा उत्तर प्रदेश सब इंस्पेक्टर पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा में आपत्तिजनक प्रश्न पूछे जाने का आरोप लगाते हुए मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर को तहरीर दी। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने मांग की कि इस आपत्तिजनक प्रश्न के लिए जो भी दोषी हो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

थाना नागफनी क्षेत्र के दसवां घाट निवासी ब्राह्मण समाज के युवा नेता रजत शर्मा ने थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर के नाम दी तहरीर में बताया कि यूपी सब इंस्पेक्टर पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में प्रश्न संख्या 31 में “अवसर के अनुसार बदल जाने वाला” वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन करने को कहा गया था, जिसके विकल्पों में “पंडित” शब्द भी शामिल किया गया था। ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि “पंडित” शब्द भारतीय समाज में विशेष रूप से ब्राह्मण समाज के लिए एक सम्मानजनक संबोधन माना जाता है, ऐसे में इसे नकारात्मक संदर्भ में प्रस्तुत करना समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है।

यह प्रश्न ब्राह्मण समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए कहा कि सरकारी भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में इस प्रकार की सामग्री शामिल होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे समाज में रोष तथा असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

रजत शर्मा ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा प्रश्नपत्र तैयार करने वाले संबंधित अधिकारी/व्यक्ति एवं जिम्मेदार संस्था के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस दौरान सूर्य शर्मा, विष्णु पंडित, रजत श्रोत्रिय, अनूप कौशल, करणवीर शर्मा, एडवोकेट अभिषेक शर्मा, एडवोकेट अभिषेक भारद्वाज, एडवोकेट सुधीर शर्मा, नवीन शर्मा, अर्जुन शर्मा, विशाल शर्मा, सुमित शर्मा, मुदित उपाध्याय, अरविंद मिश्रा, प्रियांशु जोशी, विष्णु शर्मा, कोमल त्यागी, नवनीत शर्मा, सुमित शर्मा, सौरभ शर्मा, मोहित शर्मा, आदि सहित भारी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story