जौनपुर में ब्राह्मण एकता परिषद ने विभिन्न मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में ब्राह्मण एकता परिषद ने विभिन्न मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन


जौनपुर में ब्राह्मण एकता परिषद ने विभिन्न मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन


जौनपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में ब्राह्मण एकता परिषद के अध्यक्ष पंकज शुक्ला के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति और केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारी को सौंपा।

परिषद ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए जारी नए नियमों को वापस लेने की मांग की। परिषद का आरोप है कि इन नियमों में एकपक्षीय प्रावधान हैं और झूठी शिकायतों से प्रभावित होने वाले विद्यार्थियों व शोधार्थियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। परिषद ने नियमों को पूरी तरह वापस लेने अथवा उन्हें वर्ग-निरपेक्ष बनाने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने की भी मांग की। परिषद ने कहा कि किसी शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने या गिरफ्तारी से पहले निष्पक्ष प्रारंभिक जांच की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि निर्दोष लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके। ज्ञापन में आरक्षण व्यवस्था में 'क्रीमी लेयर' के प्रावधान को सख्ती से लागू करने की मांग भी उठाई गई। परिषद ने एसी और एसटी वर्गों में भी क्रीमी लेयर लागू करने तथा भविष्य में आरक्षण का आधार सामाजिक एवं आर्थिक आवश्यकता को बनाए जाने की मांग की।

परिषद ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस, छात्रवृत्ति और छात्रावास जैसी सुविधाओं में समान शैक्षणिक अवसर सुनिश्चित करने तथा योग्यता को सम्मान देने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से इन मुद्दों पर न्यायसंगत समीक्षा कर आवश्यक नीतिगत सुधार करने का आग्रह किया।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story