रेलवे ट्रैक के किनारे 500 किमी बनेगी बाउंड्री वॉल, टेंडर जारी

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ट्रैक के किनारे 500 किमी बनेगी बाउंड्री वॉल, टेंडर जारी


मुरादाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में 150 से ज्यादा स्टेशन शामिल हैं और 1400 किमी से ज्यादा रेलवे ट्रैक हैं। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक हर रोज 100 से 150 रन ओवर होते हैं। इन दुर्घटनाओं में पशु से मानव तक अपनी जान गवां रहे हैं। इन हादसों को रोकने के लिए रेलवे 500 किमी ट्रैक के किनारे बाउंड्री वॉल बनाएगा। इस कार्य के लिए टेंडर भी जारी हो चुके हैं।

मंडल रेल प्रबंधक के अनुसार रेलवे ट्रैक पर हादसे रोकने और ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है। पहले चरण में गाजियाबाद से रोजा तक बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी। इसमें 393 रेल किमी शामिल हैं। हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर समेत कई स्टेशनों के आसपास यह दीवार बनाई जाएगी। रेलवे ने उन स्थानों को भी चिह्नित किया है, जहां घनी आबादी वाली बस्तियां रेलवे लाइनों के किनारे बसी हैं। वहां सबसे पहले काम किया जाएगा।

--गाजियाबाद से रोजा तक बनेगी दीवार, मुरादाबाद बरेली भी शामिल

रेलवे का मकसद बाउंड्री वॉल बनाकर न सिर्फ हादसे रोकना है बल्कि भविष्य में सेमी हाईस्पीड ट्रेनों के लिए रेलवे ट्रैक को सुरक्षित करना भी है। बाउंड्री वॉल फांदकर या तोड़कर कोई पटरियों के साथ छेड़छाड़ न कर सके, इसके लिए स्थानीय लोगों से भी मदद मांगी गई है। इसके अलावा जीआरपी के साथ सिविल पुलिस भी गश्त करेगी। मुरादाबाद-चंदौसी रेलखंड को भी इससे लाभ मिलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि कई स्थानों पर रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर ओवरब्रिज या अंडरपास भी बनाए गए हैं। रेलवे ट्रैक पर हादसे रोकने और ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story