बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा ने दिया ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ का मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा ने दिया ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ का मंत्र


लखनऊ, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर बूथ अध्यक्षों को ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के मंत्र पर काम करने का आहवान किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर सदर विधानसभा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली शहर विधानसभा व बृजेश पाठक ने शाहजहांपुर जनपद की जलालाबाद विधानसभा तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने वाराणसी दक्षिण व वाराणसी कैंट विधानसभा में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठनात्मक मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों में सम्मिलित हुए तथा बूथ अध्यक्षों का मार्गदर्शन किया।

पार्टी पदाधिकारियों ने बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों के माध्यम से संगठनात्मक कार्ययोजना तथा बूथ सशक्तिकरण पर चर्चा की गई। बूथ जीता-चुनाव जीता और मेरा बूथ सबसे मजबूत के संकल्प के साथ आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में विजय की रणनीति को बूथ अध्यक्षों के बीच साझा किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर सदर विधानसभा में बूथ कार्यकर्ताओं को भाजपा संगठन की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि पार्टी की प्रत्येक चुनावी सफलता के पीछे बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और जनसंपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को वाराणसी में दक्षिण विधानसभा, उत्तरी विधानसभा तथा कैंट विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों को सम्बोधित किया। धर्मपाल सिंह ने बूथ अध्यक्षों से संवाद करते हुए कहा कि ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ भाजपा का मूल मंत्र है। पार्टी की सफलता मजबूत बूथ संरचना और प्रभावी बूथ प्रबंधन पर निर्भर करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ मजबूत बूथ में ही निहित है, इसलिए प्रत्येक बूथ का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और प्राथमिक सदस्यों की सूची तैयार की जाए तथा पुराने और नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से नियमित संपर्क एवं संवाद स्थापित किया जाए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी के फॉर्मूले पर काम करना है। निश्चित ही बूथ की मजबूत संरचना से तीसरी बार उत्तर प्रदेश में भाजपा का विजय परचम लहराएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story