बूथ अध्यक्षों की सक्रियता से ही जीत सुनिश्चित होगी : विद्यासागर सोनकर
जौनपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जफराबाद विधानसभा के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन बुधवार को क्षेत्र स्थित जनहित महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं पूर्व सदस्य विधान परिषद विद्यासागर सोनकर ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता से ही चुनावी जीत सुनिश्चित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने, नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की बदौलत लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के मद्देनजर प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से नियमित जनसंपर्क, मतदाता सूची का सतत सत्यापन तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अतुल कुमार पांडेय ने किया, जबकि जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।सम्मेलन में नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामणी सोनकर, मोहन राजभर, कमलेश राय, पंकज सिंह, रजनीश चौबे, संतोष मौर्य, सुशील पटेल, अनुपमा राय, अजीत सिंह सहित विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

