जिलाधिकारी ने घर पहुंचकर क्षय रोगियों को वितरित की पोषण पोटली

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने घर पहुंचकर क्षय रोगियों को वितरित की पोषण पोटली


देवरिया, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन अभियान को गति देने और मरीजों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को नगर क्षेत्र के बसियवा एवं रामनाथ देवरिया मोहल्लों में पहुंचकर टीबी मरीजों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता के साथ दो क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित किया। उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद करते हुए कहा कि क्षय रोग पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। समय पर पहचान, नियमित दवा सेवन और पौष्टिक आहार के माध्यम से इस रोग पर पूर्ण नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने मरीजों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवाएं लेने और संतुलित भोजन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सकारात्मक सोच और नियमित उपचार से वे जल्द स्वस्थ हो सकते हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से भी अपील की कि वे कम से कम एक-एक टीबी मरीज को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली उपलब्ध कराएं। उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करें। इससे मरीजों को बेहतर पोषण मिलने के साथ-साथ मानसिक संबल भी प्राप्त होगा। इस माैके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता समेत अन्य अधिधारी माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story