रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के शुरू हुई बुकिंग एवं वितरण प्रक्रिया

WhatsApp Channel Join Now
रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के शुरू हुई बुकिंग एवं वितरण प्रक्रिया


राजकीय कृषि बीज भंडारों पर प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध

मुरादाबाद, 24 नवंबर (हिस.)। रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज समय से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा विभिन्न फसलों के बीज की बुकिंग एवं वितरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पाल सिंह ने मंगलवार को बताया कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर प्रमाणित तोरिया, गेहूं, चना, मटर, अलसी तथा राई/सरसों के उच्च गुणवत्ता वाले बीज किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीज की ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी की गई है।

कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर किसानों द्वारा अपनी आवश्यकतानुसार ऑनलाइन बीज की बुकिंग निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई है। जिन किसानों ने ऑनलाइन बुकिंग की है, लेकिन अभी तक संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज प्राप्त नहीं किया है, उनसे अपील की गई है कि वे आगामी तीन दिवस के भीतर संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडार से अपना बीज प्राप्त कर लें।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद यदि निर्धारित अवधि में बुक किया गया बीज नहीं उठाया जाता है, तो संबंधित किसान का चयन निरस्त कर दिया जाएगा तथा उस स्थान पर अन्य किसानों को बीज बुकिंग एवं प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782698 Articles

Share this story